कोरबा, 22 जुलाई (आरएनएस)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने वर्षाकाल 2026 के लिए अलर्ट जारी कर दिया है। विभाग के अनुसार, जलाशय का जलस्तर बढ़कर 354.61 मीटर यानी 71.67 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
विभाग ने बताया कि फिलहाल जलाशय से विद्युत संयंत्रों को पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। हालांकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पडऩे पर बांध के गेट खोले जा सकते हैं। 1 जून से 21 जुलाई के बीच कोरबा जिले में 409.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है, जिससे जलाशय में लगातार पानी की आवक बढ़ रही है।
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि हसदेव नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेकेदारों और अन्य संस्थानों को अपनी चल-अचल संपत्तियां सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ आने से होने वाली किसी भी क्षति के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।
संभावित बाढ़ को देखते हुए हसदेव नदी के किनारे बसे बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा समेत दर्जनों गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों का पालन करें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

