धमतरी, 22 जुलाई (आरएनएस)। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में धमतरी जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत थाना अकलाडोंगरी पुलिस ने शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भिड़ावर में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरविंद नेताम एवं पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल सुरक्षा के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल पुलिस और संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई।अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं से अपने माता-पिता, परिवारजनों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की गई, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और अपराधों की रोकथाम में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भिड़ावर के प्रधानपाठक धर्मराज मंडावी, शिक्षक विनय कुमार त्रिपाठी, टोमन लाल साहू, भारत भूषण साहू, विष्णुदास दुबे, रंजीता सलाम, थाना अकलाडोंगरी का पुलिस स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।धमतरी पुलिस ने कहा कि युवाओं को नशे और साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिलेभर में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की सबसे मजबूत नींव हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

