रायगढ़, 23 जुलाईं (आरएनएस)। कोतरलिया मेन रोड पर राहगीर से मोबाइल झपटमारी करने वाले चाचा-भतीजे को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-22 पक्की खोली, चक्रधरनगर निवासी लोकेश कुमार चन्द्रा (45) ने 31 मई 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 30 मई की सुबह करीब 10:30 बजे वह स्कूटी से इण्डस एनर्जी कंपनी, कोटमार ड्यूटी पर जा रहे थे। ग्राम कोतरलिया मेन रोड पर डीपीएस स्कूल के पास स्कूटी खराब होने के कारण उन्होंने मिस्त्री को फोन किया और सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन झपटकर धक्का देते हुए फरार हो गए। शिकायत पर चक्रधरनगर थाने में अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर थाना से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने दिनेश यादव (34), निवासी छातामुड़ा, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भतीजे शुभम यादव (18) के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में सामने आया कि घटना के बाद भागते समय एक सैमसंग मोबाइल सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे आरोपियों ने बाद में जामगांव रेलवे ट्रैक के पास मालगाड़ी के डिब्बे में फेंक दिया। वहीं दूसरा वीवो मोबाइल दिनेश यादव ने अपने पास छिपाकर रखा था। पुलिस ने दिनेश यादव के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल और शुभम यादव के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। मामले के खुलासे में प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, दिलीप भानु और आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बंछोर
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

