अंबिकापुर, 23 जुलाई (आरएनएस)। सरगुजा पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गांधीनगर थाना क्षेत्र से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का भंडारण और बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 लीटर 755 मिलीलीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,180 रुपये बताई गई है।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गांधीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रविन्द्र सिंह (44 वर्ष) निवासी नवापारा गोधनपुर रोड अपने घर में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब रखकर अवैध बिक्री कर रहा है।
सूचना पर थाना गांधीनगर पुलिस ने मकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस को विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर की बड़ी खेप मिली। जब्त शराब में सिम्बा बीयर, हंटर बीयर, ड्रंक 11000 बीयर, सिम्बा कैन बीयर, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और गोवा स्पेशल व्हिस्की शामिल हैं। कुल मिलाकर 15.755 लीटर शराब बरामद हुई।
पुलिस द्वारा शराब रखने और बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पूरी शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसके विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक विवेक चंद्राकर एवं भारती मार्कण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक धनंजय पाठक, आरक्षक रमन मंडल और राहुल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

