जशपुरनगर,23 जुलाईं (आरएनएस) । खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य खेल अलंकरण के तहत उत्कृष्ट खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों से विभिन्न पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों के आधार पर 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
राज्य खेल अलंकरण के अंतर्गत शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, पंकज विक्रम सम्मान, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद राशि पुरस्कार तथा डाइटमनी (खेलवृत्ति) प्रदान की जाएगी। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को इन सम्मानों से सम्मानित किया जाता है।
19 वर्ष तक के खिलाडिय़ों को मिलेगी डाइटमनी
राज्य स्तरीय अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के पात्र खिलाडिय़ों को डाइटमनी (खेलवृत्ति) प्रदान की जाएगी। इसके लिए खिलाड़ी की आयु 19 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
केवल ऑनलाइन होंगे आवेदन
पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए आवेदन 5 अगस्त 2026 तक केवल ऑनलाइन माध्यम से खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर स्वीकार किए जाएंगे। वहीं नगद राशि पुरस्कार और डाइटमनी के आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सीधे संचालनालय, संबंधित खेल संघों अथवा जिला खेल कार्यालय में भी जमा किए जा सकेंगे।
विभिन्न पुरस्कारों के लिए पात्रता
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि—
शहीद राजीव पांडे पुरस्कार सीनियर वर्ग के उन खिलाडिय़ों को दिया जाता है जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में पदक जीता हो अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाडिय़ों को प्रदान किया जाता है।
पंकज विक्रम सम्मान उन खिलाडिय़ों को दिया जाता है जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया जाता है।
शहीद विनोद चौबे सम्मान 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे खेल व्यक्तित्वों को दिया जाएगा जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी की हो, राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता हो अथवा खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवा दी हो।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी सीनियर एवं जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली टीमों को प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले पात्र खिलाडिय़ों को नियमानुसार नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने पात्र खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

