जशपुरनगर,23 जुलाईं (आरएनएस) । खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राज्य खेल अलंकरण के तहत उत्कृष्ट खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों से विभिन्न पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी वित्तीय वर्ष 2025-26 की उपलब्धियों के आधार पर 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रतिवर्ष खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को शहीद राजीव पांडे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, पंकज विक्रम सम्मान, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद विनोद चौबे सम्मान, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, नगद राशि पुरस्कार तथा डाइटमनी (खेलवृत्ति) से सम्मानित किया जाता है।
19 वर्ष तक के खिलाडिय़ों को मिलेगी खेलवृत्ति
राज्य अथवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के पात्र खिलाडिय़ों को डाइटमनी (खेलवृत्ति) प्रदान की जाएगी। इसके लिए खिलाड़ी की अधिकतम आयु 19 वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदन की प्रक्रिया
पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाने पर ही मान्य होंगे। वहीं नगद राशि पुरस्कार और डाइटमनी के आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सीधे संचालनालय, संबंधित खेल संघों अथवा जिला खेल कार्यालय में भी जमा किए जा सकेंगे।
पुरस्कारों की पात्रता
शहीद राजीव पांडे पुरस्कार: सीनियर वर्ग के ऐसे खिलाडिय़ों के लिए जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में पदक जीता हो अथवा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार: जूनियर वर्ग के राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक विजेता खिलाडिय़ों के लिए।
पंकज विक्रम सम्मान: पिछले पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाडिय़ों के लिए।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार: खेल प्रतिभाओं को तैयार करने वाले उत्कृष्ट प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों के लिए।
शहीद विनोद चौबे सम्मान: 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे खेल व्यक्तित्वों के लिए जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया हो, राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीता हो या खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
मुख्यमंत्री ट्रॉफी: सीनियर एवं जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त करने वाली टीमों को प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के पात्र खिलाडिय़ों को नियमानुसार नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने सभी पात्र खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

