जगदलपुर,23 जुलाईं (आरएनएस) । बस्तर जिले की नगरनार पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 11.673 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5.83 लाख रुपये बताई गई है। दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर रायपुर जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, थाना नगरनार में अपराध क्रमांक 113/2026 के तहत धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित कुशुलिया (22 वर्ष) निवासी थाना मुनीगुड़ा, जिला रायगढ़ा (ओडिशा) तथा बिरंची गोरोडिया (19 वर्ष) निवासी थाना बिसमकटक, जिला रायगढ़ा (ओडिशा) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में गठित टीम को 21 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास बस का इंतजार कर रहे हैं और उनके बैग में गांजा रखा हुआ है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके दो बैगों से 10 पैकेटों में कुल 11.673 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 5,83,650 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी गांजा को ओडिशा से रायपुर ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में विशेष योगदान थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, सहायक उपनिरीक्षक जदूराम बघेल, प्रधान आरक्षक अजय साहू तथा आरक्षक नरेश कश्यप, दशरू नाग, विक्रम उरांव और नवआरक्षक अविनाश मांझी का रहा।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

