दुर्ग,23 जुलाईं (आरएनएस)। दुर्ग जिले की जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने तालाब किनारे युवक पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बटनदार धारदार हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:10 बजे प्रार्थी परमेश्वर ढीमर अपने साथियों के साथ ग्राम जेवरा स्थित तालाब किनारे बैठा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला दुलेश्वर टंडन उर्फ दुलरवा (23 वर्ष) वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद उसने अपने पास रखे धारदार बटनदार हथियार से हमला कर प्रार्थी की बाईं जांघ, सीने और बाएं हाथ की उंगली पर चोट पहुंचा दी।
पीडि़त की शिकायत पर चौकी जेवरा सिरसा में अपराध क्रमांक 666/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 119(1), 118(1) भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार बटनदार हथियार जब्त किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी शमित मिश्रा, प्रधान आरक्षक पुनेश साहू, आरक्षक मोहम्मद हाफिज साबरी, वीरेन्द्र यादव एवं बंटी सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से विवादों का समाधान कानूनसम्मत और शांतिपूर्ण तरीके से करने तथा किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर देने की अपील की है। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

