अहमदाबाद ,08 नवंबर(आरएनएस)। गुजरात के अहमदाबाद से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। यहां एक महिला ने ज्वैलरी की दुकान में चोरी का प्रयास करते हुए दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर फेंकने की कोशिश की, लेकिन उसका प्लान बुरी तरह फ्लॉप हो गया।
यह घटना अहमदाबाद के राणीप इलाके की है। बताया जा रहा है कि महिला अपने चेहरे को आंशिक रूप से दुपट्टे से ढककर दुकान में दाखिल हुई और ग्राहक बनने का नाटक करने लगी। कुछ देर बाद उसने अचानक दुकानदार पर मिर्च पाउडर फेंक दिया, ताकि उसे अंधा कर भाग सके। लेकिन दुकानदार ने तुरंत प्रतिक्रिया दी, हमले से खुद को बचाया और महिला को पकड़कर जमीन पर गिरा दिया।
दुकानदार ने गुस्से में महिला को कुछ ही सेकंड में करीब 17 थप्पड़ जड़ दिए और फिर उसे दुकान से बाहर खींच लिया। बताया जा रहा है कि महिला किसी तरह मौके से भागने में सफल रही, लेकिन खाली हाथ रह गई। घटना की पूरी फुटेज दुकान में लगे ष्टष्टञ्जङ्क कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, ज्वैलर ने शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया है। फिर भी, पुलिस अधिकारियों ने वीडियो के आधार पर महिला की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
यह वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की बहस छिड़ गई। कुछ लोगों ने दुकानदार की फुर्ती और साहस की तारीफ की, तो कुछ ने महिला के साथ हुई मारपीट को लेकर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने लिखा क्राइम का कोई जेंडर नहीं होता और यही है असली जेंडर इक्वालिटी।
यह घटना न केवल एक असफल चोरी की कोशिश को दिखाती है, बल्कि यह भी बताती है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके साथ कानून को समान व्यवहार करना चाहिए।
00

