पटना 09 NOv, (rns): बिहार विधानसभा चुनाव के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाते हुए राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। खेड़ा ने दावा किया कि अमित शाह अपने पटना दौरे के दौरान अधिकारियों से गुप्त बैठकें करते हैं और होटल के लिफ्टों में लगे CCTV कैमरों को कागज से ढक दिया जाता है, ताकि उन बैठकों की जानकारी बाहर न आ सके।
खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल उठाया कि अगर बैठकें सामान्य हैं तो उन्हें गुप्त रखने की जरूरत क्यों पड़ती है? उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता दोनों पर सवाल खड़ा करती हैं।
बिहार चुनाव को लेकर खेड़ा का दावा
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पवन खेड़ा ने कहा कि महागठबंधन पहले चरण में 121 में से 72 सीटें जीतने की स्थिति में है और इस बार उनका स्ट्राइक रेट पहले से कहीं बेहतर रहेगा। उन्होंने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और बीजेपी के झूठे वादों से तंग आ चुकी है।
प्रधानमंत्री पर विवादित बयान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “कट्टा” (पिस्तौल) वाले बयान पर पलटवार करते हुए खेड़ा ने विवादित टिप्पणी की कि “नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री के कनपटी पर कट्टा रखकर मुख्यमंत्री पद की घोषणा करवानी चाहिए।” इस बयान से बिहार की राजनीति में बवाल मच गया है, और बीजेपी नेताओं ने इसे “अपमानजनक और भड़काऊ” बताया है।
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप
खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि पहले चरण में मतदाता सूची में बड़ी गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि कई परिवारों के नाम, जो दशकों से वोट डालते आ रहे थे, सूची से हटा दिए गए हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल और चुनाव आयोग ने मिलकर मतदाता सूचियों में हेरफेर की है, जैसा पहले हरियाणा में देखा गया था।
बिहार में पहले चरण के मतदान में 65.08 प्रतिशत रिकॉर्ड मतदान हुआ है, जो राज्य के इतिहास में सबसे अधिक है। दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को 122 सीटों पर होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।

