भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) का 56वां संस्करण गोवा में 20 से 28 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा और इसमें 81 देशों की 240 से अधिक फिल्में दिखाई जाएंगी। फिल्म महोत्सव में दिखाई जाने वाली 240 से अधिक फिल्मों में से 13 फिल्में विश्व प्रीमियर, 5 अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर और 44 एशियाई प्रीमियर फिल्में शामिल हैं। अब खबर है कि दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर की फिल्म तन्वी द ग्रेट की स्क्रीनिंग भी इस फिल्म महोत्सव में होने वाली है।
खुद फिल्म के निर्देशक और अभिनेता अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी और इसे लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, शानदार खबर! हमें यह बताते हुए बेहद गर्व और खुशी हो रही है कि हमारी फिल्म तन्वी द ग्रेट को भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के 56वें संस्करण में इंडियन पैनोरमा श्रेणी में आधिकारिक रूप से चुना गया है। इस अद्भुत सम्मान के लिए हम आईएफएफआई का तहे दिल से धन्यवाद करते हैं। जय हो!
बता दें कि तन्वी द ग्रेट को समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। हालांकि, सैयारा की सुनामी में ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई थी, जबकि दुनियाभर के फिल्म महोत्सवों में इसे सराहा गया था। मध्य प्रदेश और दिल्ली में इसे टैक्स फ्री भी कर दिया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी फिल्म देखने की अपील की थी। अब ये फिल्म आईएफएफआई में भारत का मान बढ़ाने वाली है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

