भोपाल 11 नवंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा की जयंती पर पुष्पांजलि कर उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व को याद किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा ने अपना संपूर्ण जीवन जनसेवा, संगठन के विस्तार और उच्च आदर्शों को समर्पित कर दिया। सादगी, शुचिता एवं त्याग की त्रिवेणी से परिष्कृत पटवा का प्रेरणादायक व्यक्तित्व सदैव प्रदेशवासियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा का भारतीय राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वह न केवल एक कुशल संगठनकर्ता थे, बल्कि एक दूरदर्शी राजनेता के रूप में भी उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री और केन्द्र सरकार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा की प्रशासनिक दक्षता और दूरदर्शिता का लाभ सभी को मिला। उनके द्वारा दी गई प्रधानमंत्री सड़क की सौगात ने देश के ग्रामीणों को विशेष रूप से लाभान्वित किया। स्वर्गीय पटवा जी एक कुशल संगठक थे और उन्होंने लाखों कार्यकर्ताओं को गढ़ा है। भाजपा कार्यकर्ता आज भी उनके बताए मार्ग पर चलकर पार्टी संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्षों की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित करने की परम्परा आरंभ करने के लिए उनकी सराहना की।
स्वर्गीय पटवा जी ने दूरदर्शी राजनेता के रूप में राजनीति को नई दिशा दी-हेमंत खण्डेलवाल==
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा का भारतीय राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जनसंघ की स्थापना हो, जनता पार्टी या फिर भारतीय जनता पार्टी में मुख्यमंत्री रहकर उन्होंने जिस दृढ़ता और सूझबूझ से निर्णय लिए उसकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। स्वर्गीय पटवा जी ने जिस तरह मुख्यमंत्री रहते हुए सरकार चलाई हम सबको उनसे प्रेरणा लेना चाहिए। वे न केवल एक कुशल संगठनकर्ता थे, बल्कि एक दूरदर्शी राजनेता के रूप में भी उन्होंने प्रदेश और देश की राजनीति को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि पटवा जी के कार्य करने की शैली में दृढ़ता, ईमानदारी और दूरदृष्टि का अनोखा संगम देखने को मिलता था। उन्होंने प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया और गांव-गरीब-किसान की उन्नति को अपनी नीतियों के केंद्र में रखा। भारतीय जनता पार्टी का हर कार्यकर्ता पटवा के प्रति श्रद्धा रखता है और आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री इंदर सिंह परमार, पूर्व मंत्री व विधायक जयंत मलैया, अजय विश्नोई, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय सहित पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुंदरलाल पटवा की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद गजेन्द्र पटेल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद माया नारोलिया, किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

