भोपाल 11 नवंबर (आरएनएस)।मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी जी ने आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान देश की वर्तमान परिस्थितियों, प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली एवं कांग्रेस संगठन की भावी रणनीति पर अपने विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद है कि दिल्ली में हुए भीषण ब्लास्ट को 12 घंटे बीत जाने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में नहीं रुके, बल्कि भूटान रवाना हो गए और वहीं से बयान जारी किया। यह संवेदनहीनता का उदाहरण है।
पटवारी ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि सरकार, सेना, इंटेलिजेंस एजेंसियाँ और दिल्ली पुलिस इस घटना की सख्त से सख्त जांच करें और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें। शहीदों को हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।
सरपंच सम्मेलन को लेकर उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री और मंत्री पहलाद पटेल के कार्यक्रम में जाना स्वागतयोग्य था, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा सचिवों और रोजगार सहायकों को अपमानजनक शब्द कहे जाना अत्यंत निंदनीय है। यह ग्राम स्वराज की भावना की हत्या है। मुख्यमंत्री को इसके लिए सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा, मैं स्वयं मुख्यमंत्री से 4–5 बार गालियाँ सुन चुका हूँ। सरपंचों के अधिकारों की रक्षा करने के बजाय जो लोग गाँव में विकास का काम कर रहे हैं, उन्हें गाली देना शर्मनाक है। सचिवों और रोजगार सहायकों को इस अपमान के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।”
केरवा डैम विवाद पर पटवारी ने कहा, यह सरकार ‘अलीबाबा और चालीस चोरÓ की सरकार बन गई है। भ्रष्टाचार चरम पर है और पारदर्शिता नाम की कोई चीज नहीं बची।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस नवसृजन प्रशिक्षण शिविर में संगठन की कार्यशैली और नई रणनीति पर गंभीर मंथन हुआ है। जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण के बाद अब मंडल और ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। संगठन को नई दिशा देने के लिए सोच और शैली दोनों में बदलाव आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का संगठन चाहे जितना विस्तार करे, लेकिन जनता के बीच बढ़ता विरोध साफ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस एकजुट होकर मिशन 2028 की तैयारी कर रही है और गुटबाजी खत्म करने की दिशा में ठोस प्रशिक्षण हो रहा है। कांग्रेस 2028 में प्रदेश में सरकार बनाएगी।”
पटवारी जी ने कहा, बिहार चुनाव के एग्जिट पोल को लेकर जल्दबाजी की जरूरत नहीं है। तीन दिन बाद सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।”
उन्होंने कहा, देशभक्त पार्टी होने के नाते हमारी कांग्रेस पार्टी अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तरह निर्वहन करेगी। जनता के अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा ही कांग्रेस का धर्म है।

