सवा घंटे तक गूंजते रहे धमाके, घटनास्थल पर पहुंचे आईजी व डीएम-एसपी
बाराबंकी 13 Nov, (Rns) । थाना टिकैतनगर क्षेत्र के सराय बरई गांव स्थित लाइसेंसी पटाखा फैक्ट्री में गुरूवार को दोपहर करीब दो बजे जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। धमाके के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। एक दिन पहले ही लखनऊ के नगराम में हादसा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब सवा घंटे तक लगातार धमाके होते रहे। इस भयावह हादसे में दो लोगों की मौत और पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के क्षतविक्षत अवशेष दूर-दूर तक बिखर गए, जिससे दृश्य अत्यंत वीभत्स हो गया। मृतकों की पहचान गब्बर निवासी ग्राम खमोली और मो. शमशुद्दीन निवासी ग्राम हयातनगर के रूप में हुई है। दोनों मृतक फैक्ट्री में मजदूर के रूप में कार्यरत थे। घायलों में मो. खालिद (लाइसेंस धारक) पुत्र ताहिर, कल्लू पुत्र ताहिर, सलमान पुत्र अज्ञात, वशीर अली पुत्र ताहिर, और निर्मल पुत्र हेमराज निवासी ग्राम खमोली शामिल हैं। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। फैक्ट्री संचालक मो. खालिद पुत्र ताहिर, मूल निवासी रुदौली (अयोध्या) के हयातनगर का बताया जा रहा है। उसे सराय बरई गांव में पटाखा निर्माण का लाइसेंस प्राप्त था। फैक्ट्री गांव से दूर खेतों के बीच स्थित थी, और लाइसेंस के अनुसार इसकी क्षमता केवल 15 किलो बारूद से पटाखा निर्माण की थी। हादसे के समय आतिशबाजी बनाने का कार्य चल रहा था, तभी अचानक पहला तेज विस्फोट हुआ, जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को ध्वस्त कर दिया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचने का साहस नहीं कर पा रहे थे। सूचना मिलते ही टिकैतनगर पुलिस, दमकल विभाग व स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे में दबे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद आईजी अयोध्या प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है और जांच टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक बारूद रखा गया था, जिससे यह भीषण विस्फोट हुआ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

