० अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, सड़कें हुईं साफ
रायपुर, 01 अप्रैल (आरएनएस)। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार राजधानी रायपुर में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने के लिए टीम प्रहरी अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा आयुक्त विश्वदीप के नेतृत्व में जोन क्रमांक 10 अंतर्गत उद्योग भवन सर्विस रोड एवं पुरैना मुख्य मार्ग को अतिक्रमणमुक्त करने व्यापक अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान संबंधित विभागों एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्विस रोड एवं मुख्य मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए लगभग 5-6 ठेलों एवं गुमटियों को हटाया। वहीं लगभग 30-35 ठेला एवं गुमटी संचालकों को 24 घंटे के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की सख्त समझाइश दी गई है।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि सड़क एवं सर्विस रोड पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं होगा। निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित सामग्री की जब्ती, जुर्माना एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अतिक्रमणकर्ताओं की होगी।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा है कि आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। टीम प्रहरी अभियान के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कर यातायात को सुगम एवं व्यवस्थित बनाया जा रहा है।
इस सतत अभियान के परिणामस्वरूप शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था में सुधार हो रहा है तथा आमजनों को जाम की समस्या से राहत मिल रही है। प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।
०





