भिलाई, 02 अप्रैल (आरएनएस)। भिलाई स्टील सिटी एवं भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर बोरिया गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और हनुमान भक्त उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: काल श्री हनुमान जी के जलाभिषेक से हुई। इसके बाद नवीन वस्त्र, फूल-माला अर्पित कर भगवान का भव्य श्रृंगार किया गया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न हुई। डुंडेरा गांव भिलाई के पंडित तिवारी जी एवं पं. अंबरीश शुक्ल द्वारा हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन और सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस आयोजन में भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारी, कर्मचारी, ठेका श्रमिक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सभी ने मिलकर जय हनुमान और जय बजरंग बली के जयघोष से माहौल को गुंजायमान कर दिया।
दोपहर 12 बजे महाआरती के बाद सभी भक्तों को प्रसाद स्वरूप पूरी, हलवा, खिचड़ी और मिठाई वितरित की गई। इस दौरान मंदिर की महिमा बताते हुए श्रद्धालुओं ने कहा कि बोरिया गांव का यह प्राचीन हनुमान मंदिर अत्यंत चमत्कारी है, जहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूर्ण होती है।
कार्यक्रम में हनुमान भक्त प्रशांत कुमार क्षीरसागर, पं. अंबरीश शुक्ल, पंडित तिवारी, अरुण बेरी, ओम क्षीरसागर, पियूष क्षीरसागर, दत्ता सर, ब्रह्मानंद राव सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, लोगों के स्वास्थ्य और प्लांट में सुरक्षित एवं निरंतर उत्पादन की कामना की।
०



