भिलाई, 09 मई (आरएनएस)। भिलाई में देर रात तक तेज आवाज में बजते डीजे और लाउडस्पीकर ने आसपास के लोगों की नींद और सुकून छीन लिया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर दी। मामला थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र के जयंती नगर स्थित मां लक्ष्मी मैरिज पैलेस का है, जहां विवाह समारोह और अन्य आयोजनों में निर्धारित समय सीमा के बाद भी तेज ध्वनि में डीजे, लाउडस्पीकर और साउंड सिस्टम चलाए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
स्थानीय रहवासियों ने पुलिस को बताया कि रात 10 बजे के बाद भी तेज आवाज में संगीत बजने से उन्हें भारी परेशानी हो रही है और आयोजन स्थल के बाहर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है। शिकायत मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पाया गया कि मैरिज पैलेस में बिना आवश्यक अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्र संचालित किए जा रहे थे और निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन किया जा रहा था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए धारा 152 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई की और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सार्वजनिक कार्यक्रमों में ध्वनि नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य है और नियम तोडऩे वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दुर्ग पुलिस ने आयोजन संचालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि शादी, पार्टी या अन्य कार्यक्रमों में निर्धारित समय सीमा और साउंड नियमों का पालन करें ताकि आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य मैरिज गार्डन और आयोजन स्थलों में भी नियमों को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।


