रायपुर, 12 जून (आरएनएस)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से देर रात और तड़के सुबह विशेष अभियान चलाकर 60 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। अभियान के दौरान 12 संदिग्ध दोपहिया और चारपहिया वाहनों की भी जांच की गई।
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की सतत मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की विभिन्न टीमों का गठन कर यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
पुलिस के अनुसार 11 और 12 जून की दरम्यानी रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अकारण देर रात घूमने वाले व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों, अवैध मादक पदार्थ एवं शराब की बिक्री करने वालों, अवैध जमावड़ा लगाने वालों तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के तहत रात 3 बजे से सुबह 6 बजे तक शहर के अलग-अलग इलाकों में आकस्मिक चेकिंग और सघन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे लोगों को पूछताछ के लिए एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट कार्यालय लाया गया। जांच के दौरान कुल 60 व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनमें 4 नाबालिग भी शामिल थे।
सत्यापन के दौरान एक व्यक्ति आम्र्स एक्ट से संबंधित मामले में संदेहास्पद पाया गया, जबकि मारपीट के पुराने मामलों में संलिप्त दो आरोपी भी घूमते मिले। इसके अलावा 12 दोपहिया और चारपहिया वाहन बिना नंबर प्लेट अथवा संदिग्ध अवस्था में पाए गए, जिनकी वैधानिक जांच की जा रही है।
चेकिंग के दौरान कुछ स्थानों से गांजा की पुडिय़ा एवं शराब भी बरामद की गई। हालांकि पुलिस की मौजूदगी देखकर संबंधित व्यक्ति मौके से फरार हो गए। बरामद सामग्री के संबंध में जांच जारी है।
पूछताछ और सत्यापन के बाद सभी व्यक्तियों को कड़ी समझाइश दी गई तथा भविष्य में किसी भी संदिग्ध गतिविधि में शामिल नहीं होने की चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान मिले नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराधों पर नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
०





