सारंगढ़-बिलाईगढ़, 22 जून (आरएनएस) बरमकेला विकासखंड के ग्राम खिचरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में सोमवार को शाला प्रवेश उत्सव और बीज उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शामिल होकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया और शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय परिसर को फलदार और छायादार वृक्षों के बीजों से तैयार आकर्षक सीड बॉल से सजाया गया था, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक और लोकनृत्य प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वेशभूषा में मौजूद शिक्षिकाओं सुनीता यादव और सरिता सिदार की प्रस्तुति भी सराही गई।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ प्रकृति संरक्षण की भावना विकसित करना भी समय की जरूरत है।
बीज उत्सव के तहत महिला स्व-सहायता समूहों ने मिट्टी के गोलों में विभिन्न प्रजातियों के बीज डालकर सीड बॉल तैयार किए। इन सीड बॉल्स को आगामी वर्षा ऋतु में गोमर्डा अभयारण्य सहित जिले के बंजर क्षेत्रों में फैलाया जाएगा, ताकि हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को नई गति मिल सके।
जिले में चल रहे एक लाख सीड बॉल निर्माण महाअभियान के अंतर्गत केवल बरमकेला विकासखंड में अब तक 45 हजार से अधिक सीड बॉल तैयार किए जा चुके हैं। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्वयं सीड बॉल बनाकर अभियान में भागीदारी निभाई और लोगों से भी इस जनअभियान से जुड़ने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अभिलाषा नायक, सहोदरा सिदार, जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत बर्मन, डिप्टी कलेक्टर शिक्षा शर्मा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, बिहान समूह की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





