लखनऊ 22 जून (आरएनएस ) राजधानी लखनऊ के पुरनिया क्षेत्र स्थित कोचिंग सेंटर एवं गेमिंग जोन में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ का अपना निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर तत्काल लखनऊ पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों से हादसे की विस्तृत जानकारी ली और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा मृतक छात्रों के परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना से हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार और राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, विधायक नीरज बोरा, अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव चिकित्सा अमित कुमार घोष, डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत तथा जिलाधिकारी विशाख जी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस दर्दनाक अग्निकांड पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाई जा रही है।
इस बीच प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फायर सेफ्टी मानकों, भवन की संरचना तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की जा रही है। शासन स्तर पर भी पूरे प्रकरण की निगरानी की जा रही है। हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है और मृतक छात्रों के परिवारों में शोक की लहर है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




