दुर्ग 26 जून (आरएनएस) पानी टंकी के पास खून से लथपथ मिले 18 वर्षीय युवक के शव ने इलाके में सनसनी फैला दी, लेकिन दुर्ग पुलिस ने महज 6 घंटे में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का पूरा राज बेनकाब कर दिया।
दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर में शुक्रवार को मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने रिकॉर्ड समय में सुलझा ली। ग्राम डूमर स्थित पानी टंकी के पास सिंटेक्स रखने वाले चबूतरे पर एक युवक मृत अवस्था में मिला था, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान पहले अज्ञात के रूप में शुरू की, लेकिन शरीर पर बने गोदना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान चेतन ठाकुर (18 वर्ष), निवासी ग्राम पथरिया के रूप में हुई। मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई और घटनास्थल निरीक्षण, मुखबिर सूचना तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
जांच में सामने आया कि घटना से पहले मृतक चेतन ठाकुर, सोमनाथ उर्फ लालू यादव (22 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर और राहुल कुर्रे (22 वर्ष), निवासी ग्राम डूमर साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। देर रात करीब एक बजे मुख्य आरोपी सोमनाथ उर्फ लालू यादव ने सब्बल से चेतन के सिर पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की नीयत से घटना में प्रयुक्त सब्बल और अपने खून से सने कपड़े पास के तालाब में फेंक दिए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने घटना स्वीकार कर ली। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम की मदद से तालाब से हत्या में प्रयुक्त सब्बल और आरोपी के कपड़े बरामद कर जब्त किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या के मामले में वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार हत्या की वजह शराब के दौरान हुआ आपसी विवाद था। पूरे ऑपरेशन में थाना नंदिनी नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और एसडीआरएफ टीम की अहम भूमिका रही। फिलहाल, इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध कितना भी शातिर क्यों न हो, मजबूत जांच और त्वरित पुलिस कार्रवाई के सामने सच ज्यादा देर तक छिप नहीं सकता।







