रायपुर, 14 जुलाई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में स्वच्छता संबंधी शिकायत पर नगर निगम जोन-10 की स्वास्थ्य विभाग टीम ने बोरियाखुर्द स्थित नाइस बेकरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बेकरी में गंदगी और निर्धारित स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक पर 5 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश तथा जोन-10 के जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड क्रमांक-54 स्थित बोरियाखुर्द में कार्रवाई की। यह निरीक्षण स्वच्छता से संबंधित प्राप्त जनशिकायत के सत्यापन के लिए किया गया था।
निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी फैली हुई मिली और प्रचलित स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। शिकायत सही पाए जाने पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा एवं स्वच्छता निरीक्षक यशवंत बेरिहा की मौजूदगी में बेकरी संचालक को भविष्य में स्वच्छता नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई।
इसके साथ ही नगर निगम ने तत्काल ?5,000 का ई-जुर्माना वसूलते हुए स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम की टीम ने बताया कि जनशिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।
०


