राजनांदगांव,21 जुलाई (आरएनएस)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए पिछले सात दिनों में नियम तोडऩे वाले 366 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की है। इस दौरान कुल ?1,29,100 का शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत नो पार्किंग में खड़े 225 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 141 वाहनों पर भी मोटरयान अधिनियम के तहत चालान किया गया।
यातायात पुलिस के अनुसार, लगातार कार्रवाई का शहर में सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। बाजार क्षेत्र में वाहन चालक अब अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर सफेद पट्टी के भीतर खड़े कर रहे हैं, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग में कमी आई है और यातायात व्यवस्था बेहतर हुई है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सभी यातायात नियमों का पालन करें। इससे न केवल चालानी कार्रवाई से बचा जा सकेगा, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहेगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
०



