रायपुर,22 जुलाईं (आरएनएस) । पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य जोन अंतर्गत थाना गोलबाजार में ई-मालखाना प्रणाली का शुभारंभ किया गया। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने ई-मालखाना का उद्घाटन किया। इससे पहले कमिश्नरेट रायपुर में थाना कोतवाली से ई-मालखाना प्रणाली की शुरुआत की गई थी।ई-मालखाना के माध्यम से पुलिस अभिरक्षा में रखी जाने वाली जब्त संपत्तियों और माल-मशरूका के रखरखाव को अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया जा रहा है। इस प्रणाली के तहत अपराधों और अन्य प्रकरणों में जब्त किए गए माल का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।जब्त
संपत्तियों की डिजिटल प्रविष्टि और रिकॉर्ड संधारण होने से उनकी ‘चेन ऑफ कस्टडी
भी स्पष्ट और मजबूत बनी रहेगी। इससे किसी भी जब्त माल की स्थिति, विवरण और संबंधित प्रकरण की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही न्यायालयीन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, थाना गोलबाजार प्रभारी स्वराज त्रिपाठी सहित थाना के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देते हुए चरणबद्ध तरीके से अन्य थानों में भी ई-मालखाना प्रणाली लागू करने की योजना बनाई गई है। पुलिस विभाग के अनुसार यह पहल पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
०००


