नई टिहरी,13 नवंबर (आरएनएस)। दिल्ली में हुए धमाके के बाद गृह मंत्रालय के अलर्ट के चलते जिले में पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था और चौकस कर दी है। बाजारों और कस्बों में पुलिस की ओर से फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सर्तक रहने की अपील की जा रही है। वहीं टिहरी डैम टॉप से भी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। दिल्ली में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं। एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि जिले के बॉर्डर पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस को संदिग्ध वाहनों सहित अन्य गतिविधियों पर नजर रखने और सघन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। एसएसपी के निर्देश पर वीरवार को नगर क्षेत्र में कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्य पाल और चंबा में थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा के नेतृत्व में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों को इस बाबत जरूरी निर्देश दिए हैं। इधर, गृह मंत्रालय के अलर्ट के बाद टीएचडीसी इंडिया और सीआईएसएफ ने टिहरी डैम की सुरक्षा को और कड़ी कर दी है। टीएचडीसी प्रबंधन और सीआईएसएफ ने टिहरी डैम टॉप के ऊपर से आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। जिससे प्रतापनगर, जाखनीधार, भिलंगना, कीर्तिनगर आदि क्षेत्र के लोगों को अब जीरो पॉइंट से होते हुए ऊबड़ खाबड़ रास्ते के 12 किमी अतिरिक्त दूरी तय करके जाना पड़ेगा। टीएचडीसी के महाप्रबंधक विजय सहगल ने बताया कि डैम में कुछ मरम्मत कार्य होने हैं। जिसके चलते वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। अलबत्ता इमरजेंसी वाले वाहनों को सीआईएसएफ चेकिंग के बाद छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध देश की धरोहर है। इससे बिजली,पेयजल और सिंचाई के लिए विभिन्न प्रदेशों को आपूर्ति की जाती है। ऐसे में आईबी और गृह मंत्रालय के इनपुट के बाद बांध की सुरक्षा को और कड़ा करना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद स्थिति को सामान्य किया जा सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

