नई टिहरी,13 नवंबर (आरएनएस)। पहाड़ की पुकार संगठन से जुड़ी महिलाओं ने डीएम व सीडीओ को ज्ञापन सौंपकर श्रम विभाग में पंजीकरण व रिन्यूअल के लिए आ रही महिलाओं के लिए सुविधायें प्रदान करने की मांग की। इनका कहना है कि श्रम विभाग महिलाओं की सुविधाओं को लेकर संवेदनहीन बना हुआ है। जिससे यहां आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रम विभाग नई टिहरी में प्रतिदिन लगभग चार से पांच सौ महिलायें अपना श्रम पंजीकरण व रिन्युअल के लिए जनपद के सभी नौ ब्लाकों से आ रही हैं। इन महिलाओं को श्रम विभाग में सुविधायें न होने के चलते भारी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं के लिए दो कमरे में चल रहे श्रम विभाग के कार्यालय में न तो पर्याप्त बैठने व खड़े होने का स्थान है, नहीं उनके लिए नियमित काउंटर बनाये गये हैं। जिसके चलते महिलाओं को दूर-दराज से आने के बाद दिनभर लाईनों में खड़ा रहना पड़ता है। इस पर श्रम विभाग की संवेदनहीनता यह है कि यहां पर इन महिलाओं के लिए न तो पीने के पानी व भोजन की व्यवस्था, नहीं शौचालय की व्यवस्था है। भारी भीड़ होने पर महिलाओं को दो से तीन बार यहां पर आने के लिए बार-बार दूर-दराज से आने पर धन की बर्बादी करनी पड़ रही है। मजदूरी करने वाली महिलाओं को अपने दिन दिहाड़ी का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिसका नुकसान महिलाओं को कई तरह के परेशानी के रूप में उठाना पड़ रहा है। पहाड़ की पुकार की संस्थापक अवंतिका भंडारी का कहना है कि इसे लेकर डीएम नितिका सहित सीडीओ वरूणा अग्रवाल को ज्ञापन देकर श्रम विभाग मे सभी सुविधायें महिलाओं को प्रदान करने को कहा गया है। ज्ञापन देने वालों में रामेंद्री, पुष्पा, नीमा, रंजीता आदि शामिल रहे। जबकि श्रम प्रवर्तन अधिकारी आईशा का कहना है कि आफिस में जगह कम होने व स्टाफ की कर्मी के कारण तमाम परेशानियां होती हैं। जिसे लेकर उच्चाधिकारियों को बताया गया है। इसे लेकर फिर डीएम को पत्र लिखकर कार्यालय व सुविधाओं की मांग की जायेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

