सुल्तानपुर 14 नवंबर (आरएनएस )। मां के साथ घर लौट रही युवती पर सरेराह शराब की खाली बोतल फेंकने और टोकने पर अभद्रता व अश्लीलता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर सुल्तानपुर कोतवाली पुलिस ने सपा नगर अध्यक्ष समेत उनके चाचा और भाइयों पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटनाक्रम के अनुसार, सुल्तानपुर जिला मुख्यालय स्थित पुराना गुरुद्वारा परिसर लखनऊनाका को अवैध ढंग से बेच लेने का विवाद इन दिनों सुर्खियों में है। संबंधित गुरुद्वारा के अनुयायियों व यहां के बाशिंदों और आरोपी जमीन कारोबारियों के मध्य आए दिन विवाद हो रहा है। इसी क्रम में ताजा मामला गत दस नवंबर को सामने आया। एक युवती अपनी मां के साथ शाम को घर जा रही थी। आरोप है कि लखनऊनाका स्थित एक पान की गुमटी के पास सपा नगर अध्यक्ष राजू चौधरी, उनके चाचा संतोष चौधरी व उनके भाई लोग आदि शराब पी रहे थे। इसी दौरान सपा नगर अध्यक्ष के चाचा संतोष ने युवती पर शराब की खाली बोतल उछाल दी। जो कि उसकी पीठ पर जा लगी। मां-बेटी ने इसका विरोध किया तो सभी ने उनसे अश्लीलता व अभद्रता की। प्रकरण ने तूल पकड़ लिया। युवती की कॉल पर पुलिस आ गई, इसपर आरोपी भाग निकले। वारदात को संज्ञान लेते हुए नगर पुलिस ने पांच लोगों को नामजद करते हुए संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

