बीजापुर,13मई (आरएनएस)। कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सम्मान को केंद्र में रखते हुए माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न ग्रामों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों तथा आयोजित सुशासन शिविरों में माहवारी स्वच्छता से संबंधित व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
अभियान का उद्देश्य
माहवारी को लेकर समाज में प्रचलित भ्रांतियों एवं झिझक को दूर करते हुए महिलाओं एवं किशोरियों को वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं स्वच्छ माहवारी प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारियाँ
सुशासन तिहार अन्तर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों एवं जागरूकता कार्यक्रमों में बताया जा रहा है कि
माहवारी एक प्राकृतिक एवं सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है।
सेनिटरी पैड को प्रत्येक 4 से 6 घंटे में बदलना चाहिए।
साफ एवं सूखे अंत:वस्त्रों का उपयोग करना चाहिए।
हाथों की नियमित रूप से साबुन से सफाई आवश्यक है।
उपयोग किए गए पैड का सुरक्षित एवं स्वच्छ निपटान करें।
संतुलित आहार एवं पर्याप्त पानी का सेवन करें।
किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता अथवा चिकित्सक से संपर्क करें।
सुशासन शिविरों में प्रभावी प्रचार-प्रसार
जिले में आयोजित सुशासन शिविरों में आकर्षक फ्लेक्स, पोस्टर, संवाद सत्र तथा परामर्श गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान उन्हें यह संदेश दिया जा रहा है कि चुप्पी तोड़ें, जागरूक बनें तथा माहवारी पर खुलकर बात करें।
स्वास्थ्य, सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में पहल
महिला एवं बालविकास विभाग का यह अभियान किशोरियों और महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

