जौनपुर 14 नवंबर (आरएनएस )। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की आजमगढ़ जनपद के ओरिल गांव में हत्या कर दी गई। गुरुवार को उसका शव तालाब के पास बरामद हुआ। मृतक की पहचान सुइथाकला (घमहा का पूरा) गांव निवासी 22 वर्षीय नरेंद्र बिंद पुत्र रामकिशुन बिंद के रूप में की गई । ज्ञात हो कि नरेंद्र अपने ननिहाल, आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के आलमपुर बनपुरवा गया था।परिजनों के अनुसार, नरेंद्र सुबह अपने मामा के बेटे राम अवतार के साथ घर से निकला था। रास्ते में उसने राम अवतार को नहर के पास रुकने को कहा और खुद आगे चला गया। कुछ देर बाद उसने पिता से फोन पर कहा कि कुछ लोग उसे मार रहे हैं, इसके बाद कॉल कट गया और मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।राम अवतार ने तलाश शुरू की तो तालाब के पास नरेंद्र को बेहोशी की हालत में पाया। परिजन तुरंत उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मृतक की भाभी सीमा ने बताया कि उनके मायके औरिल में बगल के घर की एक युवती से नरेंद्र का एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था। नरेंद्र उसी से मिलने आया था। वह कोयंबटूर की एक फैक्ट्री में हेल्पर के रूप में काम करता था और करीब दस दिन पहले ही घर लौटा था।नरेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

