एंटी करप्शन ने रंगे हाथ दबोचा
प्रयागराज 14 नवंबर (आरएनएस )। प्रयागराज में एंटी करप्शन टीम ने फूड इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ लिया। आरोपी फूड इंस्पेक्टर कोटा संचालक से हर महीने पैसे मांग रहा था। वह फर्जी शिकायतें निपटाने और दुकान बचाने के नाम पर दबाव बना रहा था। शिकायत की जांच के बाद टीम ने झुंसी में एक सब्जी की दुकान पर ट्रैप लगाया। तय स्थान पर पहुंचकर जैसे ही फूड इंस्पेक्टर ने रुपए लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना झुंसी लाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बसनाखास गांव के कोटा संचालक राजमनी ने एंटी करप्शन में शिकायत दी थी कि फूड इंस्पेक्टर नंद किशोर यादव दुकान पर आने वाली फर्जी शिकायतों को निपटाने और कोटा बचाने के नाम पर 10 हजार रुपए महीना मांग रहा है। उसने 7 और 13 नवंबर को प्रयागराज स्थित एंटी करप्शन ऑफिस में लिखित शिकायत की थी।
शिकायत सही मिलने पर टीम ने 14 नवंबर को ट्रैप लगाया। योजना के तहत राजमनी ने आरोपी को झुंसी स्थित आवास विकास कॉलोनी योजना-3, लेबर चौराहा की एक सब्जी दुकान पर पैसे लेने बुलाया। जैसे ही नंद किशोर ने 10 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे सुबह 9:12 बजे दबोच लिया। गिरफ्तार फूड इंस्पेक्टर को थाना झुंसी ले जाकर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
एंटी करप्शन ऑर्गेनाइजेशन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगे तो तुरंत शिकायत करें।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

