-कुमारगंज पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
मिल्कीपुर-अयोध्या 14 नवंबर (आरएनएस )। कुमारगंज थाना क्षेत्र की पुलिस ने चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना 2 नवंबर की है, जब इनायतनगर थाना क्षेत्र के परसावां गांव निवासी नंदकिशोर कुमारगंज क्षेत्र के पूरे जालिम सिंह धमथुवा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। उसी दौरान उनकी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल यूपी 42 एएन 2119 अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई। नंदकिशोर ने स्वयं स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। अंतत: 13 नवंबर को उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि संदेह के आधार पर ओमप्रकाश यादव पुत्र जीवन लाल यादव निवासी पूरे रामशरण का पुरवा पर चोरी का शक है। सूचना मिलते ही कुमारगंज थानाध्यक्ष ओमप्रकाश सक्रिय हो गए और उपनिरीक्षक आकिल हुसैन तथा हमराही सिपाहियों की टीम के साथ तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार की दोपहर करीब 11 बजे आरोपी ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने बाइक चोरी करने की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम उसके घर पहुंची और वहां भूसे के भीतर छिपाकर रखी गई चोरी की मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया। पुलिस ने वहीं तत्काल मोटरसाइकिल का सत्यापन करवाया और पुष्टि होने पर उसे कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्यवाही में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश, उपनिरीक्षक आकिल हुसैन, कांस्टेबल उमेश गौतम और शशिकांत मिश्रा शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

