कोलकाता 14 Nov, (rns) । अभी दिसंबर आया नहीं है लेकिन बंगाल में शीतलहर की शुरुआत हो चुकी है। भोर को कोलकाता जैसे जगहों पर कोहरे का असर दिख रहा है। वैसे देश के तमाम जगहों पर शीतलहर की चेतावनी दी गई है। नवम्बर से ही बंगाल में ठंड की पारी शुरु हो गई है। राज्यभर में खासकर ग्रामीण जगहों पर शीतलहर का असर है। महानगर कोलकाता में आज न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल ठंडी उत्तरी हवाएं बिना किसी रुकावट के राज्य में प्रवेश कर रही हैं। बंगाल की खाड़ी में किसी मौसमीय प्रणाली के न बनने से शीतल हवाओं के आने में कोई रुकावट नहीं है। अगले तीन-चार दिनों तक मौसम में विशेष परिवर्तन का अनुमान नहीं है। सुबह के समय राज्य के कई जिलों में हल्की धुंध देखी गई। तटीय प्रदेशों और उत्तर बंगाल के पर्वतीय इलाकों में धुंध की संभावना अधिक बताई जा रही है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ दृश्यता बढ़ने लगेगी और मौसम साफ हो जाएगा।
अलीपुर मौसम कार्यालय ने कहा है कि कई जिलों में कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। पुरुलिया, बीरभूम, पश्चिम बर्द्धमान, हावड़ा, पूर्व बर्द्धमान, बांकुड़ा और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि नवंबर में इतनी ठंड का कारण यह है कि किसी भी मजबूत निम्न दबाव या पश्चिमी तूफान के न होने के कारण उत्तर की ओर से आने वाली हवाएं बिना किसी रुकावट के बंगाल में प्रवेश कर रही हैं। नतीजतन, ठंड की तीव्रता बढ़ रही है। हालांकि, मौसम कार्यालय ने संकेत दिया है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में फिर से थोड़ी वृद्धि हो सकती है। बीरभूम के श्रीनिकेतन ने दक्षिण बंगाल का सबसे ठंडा का रिकर्ड दर्ज किया है। वहां तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हावड़ा के उलूबेरिया, बांकुड़ा, झारग्राम या सहित कई इलाकों में न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। जबकि एक दिन पहले गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 2.9 डिग्री कम था। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। खबर के लिखे जाने तक आज दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, जलपाईगुड़ी समेत लगभग सभी ज़िलों में सर्दी का असर दिखाई दे रहा है। आज सुबह दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में तापमान गिरकर 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आज मैदानी इलाकों में तापमान 14 से 17 डिग्री के बीच रहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

