बीजापुर, 1४ नवम्बर (आरएनएस)। कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बाल दिवस बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत बाल दिवस पखवाड़ा का आयोजन पूरे जिले में सक्रिय रूप से किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य थीम हर बालिका – राष्ट्र की पूंजी रखा गया है, जिसके अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। जिले के विभिन्न परियोजनाओं में स्कूल, कॉलेज, पोटाकेबिन, आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बालिकाओं के आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ाने के उद्देश्य से गतिविधियाँ कराई जा रही हैं। स्कूलों में मेरे सपनों का भविष्य विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें बालिकाएँ भविष्य में क्या बनना चाहती हूँ विषय पर अपने विचार प्रकट कर रही हैं। कविता, निबंध और लघु भाषण के माध्यम से बेटियाँ अपने सपनों और अधिकारों को अभिव्यक्त कर रही हैं। कार्यक्रम के तहत विशेषज्ञों एवं मनोवैज्ञानिकों द्वारा संवाद सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, नीतियों और अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, साथ ही उन्हें कौशल एवं क्षमता वृद्धि के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता–सहायिका, किशोरी बालिकाएँ, गर्भवती महिलाएँ, शिशुवती माताएँ एवं स्थानीय नागरिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है, जैसे—
बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान
बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़
नोनी सुरक्षा
सखी वन स्टॉप सेंटर
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना
महतारी वंदन योजना
सक्षम महिला कोष के अंतर्गत ऋण
दहेज प्रतिषेध एवं टोनही प्रताडऩा अधिनियम
गुड टच–बैड टच जागरूकता
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181
महिलाओं और बालिकाओं को बताया जा रहा है कि वे इन योजनाओं का लाभ लेकर किस प्रकार आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बन सकती हैं तथा समाज में जागरूकता फैला सकती हैं। इस दौरान जिले में व्यापक प्रचार–प्रसार का कार्य सेक्टर पर्यवेक्षिकाओं एवं विभागीय टीम — शीला भारद्वाज, सुनीता तामड़ी, आनंदमई मलिक, नवीन मिश्रा, नगीना लेखम, संदीप चिड़ेम, राजकुमार निषाद, अविनाश नायक, राजेश मंडे, महेंद्र कश्यप, महेंद्र यादव, कुसुमलता, रंजिता कश्यप, पुष्पा कोरम और सतीष कुरसम — द्वारा निरंतर किया जा रहा है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

