बिलासपुर 11 जून (आरएनएस) बीएसपी रोड पर राहगीरों में उस वक्त दहशत फैल गई, जब एक युवक खुलेआम धारदार बटनदार चाकू लहराते हुए लोगों को डराने-धमकाने लगा। सूचना मिलते ही अड्डेबाजी और चाकूबाजों के खिलाफ अभियान चला रही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आरोपी को दबोचकर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार 11 जून 2026 को थाना चकरभाठा पुलिस क्षेत्र में अड्डेबाजी चेकिंग और चाकूबाजों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही थी। इसी दौरान बीएसपी रोड पर पुलिस टीम की नजर एक युवक पर पड़ी, जो ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा में सवार होकर हाथ में धारदार लोहे का बटनदार चाकू लहराते हुए आम लोगों को भयभीत कर रहा था। पुलिस ने बिना समय गंवाए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया और तत्काल अभिरक्षा में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल रजक, पिता दिनेश रजक, उम्र 19 वर्ष, निवासी विकास नगर वार्ड क्रमांक 15, थाना चकरभाठा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का बटनदार चाकू तथा ब्लैक रंग की होंडा एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली गई। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध हथियार रखने वाले व्यक्ति की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल-112 पर दें। बहरहाल, पुलिस का साफ संदेश है कि सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वालों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है और कानून हाथ में लेने वालों को सीधे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


