रुद्रपुर,14 नवंबर (आरएनएस)। ट्रांजिट कैंप में झपट्टामार कर लोगों से मोबाइल छीनकर फरार होने वाले झपट्टामार गिरोह के दो सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से छह मोबाइल और बाइक बरामद की है। थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि 12 नवंबर को संतोष कुमार सिंह की तहरीर पर थाना ट्रांजिट कैंप में मुकदमा दर्ज करने के बाद टीम गठित कर छापेमारी शुरू की। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोदी मैदान के पूर्वी छोर पर पीपल के पेड़ के पास से दो संदिग्ध युवकों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम गंगवार पुत्र सुशील पांडे निवासी मालवीयनगर शिमला बहादुर और प्रिंस पांडे पुत्र मिथलेश कुमार निवासी डाक खाने वाली गली थाना ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई। तलाशी में दोनों के पास से छह मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में युवकों ने बताया कि सिडकुल ढाल और जनपद रोड ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में राहगीरों से झपट्टा मारकर यह मोबाइल छीने थे। बरामद मोबाइल में एक फोन मुकदमे से भी जुड़ा पाया गया। शुक्रवार को दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

