० प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव बोले– मुख्य सचिव से सकारात्मक चर्चा, पेंशनरों के हितों के लिए महासंघ लगातार कर रहा प्रयास
गौरेला, 13 जुलाई (आरएनएस)। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ की जिला स्तरीय बैठक सोमवार को गौरेला स्थित मिश्री देवी शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से आए संगठन के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनरों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनरों की विभिन्न लंबित मांगों, संगठन के विस्तार और उनके हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि 10 जुलाई को मंत्रालय में मुख्य सचिव विकासशील के साथ लगभग एक घंटे तक हुई बैठक में पेंशनरों और परिवार पेंशनरों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सरकार के समक्ष कई प्रमुख मांगें रखी गई हैं, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई है और जल्द समाधान की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि महासंघ ने 1 जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) की स्वीकृति एवं एरियर का भुगतान, राज्य के पेंशनरों को प्रस्तावित कैशलेस चिकित्सा योजना में शामिल करने, पेंशनर कल्याण मंडल के पुनर्गठन, पेंशनर कल्याण निधि नियमों में संशोधन, 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पेंशनरों के लिए एक सहायक सहित नि:शुल्क बस यात्रा, तथा ‘न मांग–न जांच प्रमाणपत्रÓ के नाम पर पेंशन रोके जाने की प्रवृत्ति समाप्त करने जैसी प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी हैं।
बैठक में यह मांग भी उठाई गई कि सभी संभागों एवं जिलों में अलग पेंशन कार्यालय स्थापित किए जाएं, सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी वैध देयकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ई-पेंशन कार्ड जारी कर उसे ई-कोष लाइट एप से जोड़ा जाए तथा नियमितीकृत कर्मचारियों की पूर्व सेवा अवधि को पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभों के लिए मान्यता दी जाए। साथ ही पात्र पेंशनरों के 32 माह एवं 27 माह के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान करने की मांग भी दोहराई गई।
प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा नए सदस्यों को जोडऩे का आह्वान किया। वहीं प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने संगठन गीत जय हो हिंदुस्तान का सामूहिक गायन कराते हुए कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ का ऐसा संगठन है जिसने राज्य के सभी जिलों में अपना विस्तार किया है और पेंशनरों की आवाज को प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंचा रहा है।
बैठक में बिलासपुर संभागीय अध्यक्ष राजेन्द्र कश्यप, जिला अध्यक्ष आर.ए. शर्मा, जिला सचिव ठाकुर सुरेन्द्र सिंह, संरक्षक रविशंकर चौबे सहित अनेक पदाधिकारियों और पेंशनरों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने विद्यालय परिसर में कटहल का पौधा लगाकर वृक्षारोपण किया। अंत में सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. एस.ई. सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन बलराम सिंह तथा आभार प्रदर्शन शंकर साहू ने किया।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

