रुद्रपुर,14 नवंबर (आरएनएस)। सितारगंज के प्रह्लाद पल्सिया में ध्वस्तीकरण की जद में आए परिवारों ने कहा कि उन्हें उजाडऩे से पहले पट्टा देकर अन्यत्र बसाया जाए। तब तक वह नहीं हटेंगे। प्रभावित परिवार अपने समर्थकों के साथ रात भर धरने में बैठे रहे। यहां कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों के लोग भी रात भर धरनास्थल पर जमे रहे। प्रह्लाद पल्सिया में राजस्व विभाग ने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क और फिश मार्केट बनाने के लिए साल 2022 में करीब 40 एकड़ जमीन मत्स्य विभाग को हस्तांतरित किया था। गुरुवार को मत्स्य विभाग के सहायक निदेशक संजय छिम्वाल के नेतृत्व में पुलिस, पीएसी, प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने को पह्लाद पल्सिया पहुंची थी। यहां अतिक्रमण की जद में शेष 11 एकड़ जमीन को गुरुवार की सुबह विभाग ने अपने कब्जे में लिया। इसमें खेती हो रही थी। मौके पर बने आवासों में छह मकान को हटाने के लिए जैसे ही टीम पहुंची, कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों के लोग और प्रभावित परिवारजन विरोध-प्रदर्शन करने लगे थे। भारी विरोध के कारण उन्हें तीन दिन का समय देकर वापस लौटना पड़ा था, लेकिन विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन दिन-रात का धरना शुरू कर दिया। गुरुवार की रातभर आग जलाकर धरने में बैठे रहे। शुक्रवार को धरनास्थल पर वक्ताओं ने प्रदेश सरकार व जनप्रतिनिधियों पर जमकर भड़ास निकाली। उनका कहना था कि उन्हें नहीं उजाडऩे की बात कहकर गुमराह किया गया। वह 25 वर्षों से अधिक समय से खेती कर आवास बनाकर अपना गुजर-बसर कर रहे थे। प्रशासन ने बंजर भूमि दिखाकर गुपचुप तरीके से जमीन एक्वा पार्क को हस्तांरित कर दी। जबकि सिडकुल के पास खाली भूमि थी। वक्ताओं ने कहा कि वह उद्योगों के विरोधी नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के कार्यकाल में सिडकुल को हस्तान्तरित भूमि में उद्योग लगने चाहिए। उन्हें षडय़ंत्र के तहत लोगों को उजाड़ा जा रहा है। राजनगर में भी पट्टे निरस्त कर प्रशासन ने गुपचुप ढंग भूमि हस्तान्तरित कर दी। प्रभावित परिवारों ने धरनास्थल पर रोते-बिलखते बताया कि भय के माहौल में बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बच्चों की परीक्षाएं छूट रही हैं। बेघर हो जाएंगे तो कहां रहेंगे। शुक्रवार को दिनेशपुर से बंगाली कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि उजाडऩे से पहले पुर्नवास होना चाहिए था। इसके लिए समिति हर स्तर पर संघर्ष करेगी। ये रहे मौजूद:- यहां कांग्रेस नेता नवतेज पाल सिंह, नगर पंचायत शक्तिगढ़ अध्यक्ष सुमित मण्डल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उत्तम आचार्य, आप प्रदेश अध्यक्ष सुभाष व्यापारी, बंगाली कल्याण समिति प्रदेश सचिव नारायण हाल्दार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रियजीत राय, रामचन्द्र राय, भाकियू चढूनी प्रदेश अध्यक्ष गुरसेवक सिंह मोहार, मनोरंजन साना, संध्या राय, बसंती राय, दिव्या राय, विश्वजीत राय, संजीत राय, विनय विश्वास, भीम आर्मी जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

