रायपुर 13 जुलाई (आरएनएस) पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों के दायित्वों में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तारकेश्वर पटेल को पुलिस उपायुक्त (DCP) सेंट्रल जोन कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दीपमाला कश्यप को डीसीपी नॉर्थ जोन कमिश्नरेट नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अर्चना झा को डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल कमिश्नरेट का दायित्व सौंपा गया है।
इसी आदेश के तहत शहर के कई थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। निरीक्षक सतीश सिंह गहरवार को थाना प्रभारी कोतवाली के साथ-साथ एसीसीयू (क्राइम ब्रांच) प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं निरीक्षक राजेश सिंह को आजाद चौक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
जारी तबादला सूची के अनुसार, निरीक्षक पारसराम पटेल को सरस्वती नगर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि निरीक्षक नरेंद्र साहू को गुढ़ियारी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इन प्रशासनिक बदलावों से विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिसिंग की कार्यकुशलता और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
फिलहाल, कमिश्नरेट में हुए इस फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारियों के सामने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करने की चुनौती होगी, जिस पर आने वाले दिनों में सभी की नजर रहेगी।


