०पूर्व एसपी गौरव राय को दी भावभीनी विदाई, कानून-व्यवस्था और नक्सल विरोधी अभियान की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
दंतेवाड़ा ,13 जुलाई (आरएनएस)। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन सिंह (भा.पु.से.) ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक, दंतेवाड़ा का विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन सिंह ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बैठक में उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी अभियान, पुनर्वास अभियान, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी ली।बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जाए। उन्होंने अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान तथा पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर विशेष बल दिया।नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दंतेवाड़ा पुलिस का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास और सहयोग को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था स्थापित करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना, अनुशासन, संवेदनशीलता, पारदर्शिता और पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।इस अवसर पर दंतेवाड़ा से स्थानांतरित होकर बलौदा बाजार के पुलिस अधीक्षक बने गौरव राय (भा.पु.से.) को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उनके सफल कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त करते हुए नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं। साथ ही नवपदस्थ एसपी चन्द्र मोहन सिंह के सफल एवं जनोन्मुखी कार्यकाल की कामना की गई।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

