०अंतागढ़ थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
कांकेर,13 जुलाई (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण की मदद से पीडि़ता को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना अंतागढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किए जाने की आशंका जताई, जिस पर मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार बंछोर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अंतागढ़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस ने पीडि़ता को सकुशल बरामद कर आरोपी श्याम लाडिय़ा (20 वर्ष), निवासी ग्राम चाउरगांव, थाना कोड़ेकुर्से, जिला कांकेर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64(1), 64(2)(एम), 87 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रहलाद यादव, उपनिरीक्षक आलोक सुबोध, उपनिरीक्षक हेमलता परिहार, पीएसआई लता सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कन्हैया मरकाम, आरक्षक रोशन नेताम, महिला आरक्षक चांदनी उसेंडी, मानकू दुग्गा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। इसके लिए जिला पुलिस द्वारा हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

