०आमातालाब रोड से सिटी कोतवाली पुलिस ने दबोचा, हत्या, लूट और आम्र्स एक्ट समेत कई मामलों का आरोपी
धमतरी,13 जुलाई (आरएनएस)। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जिला बदर आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक जिला बदर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी बिना अनुमति जिले में प्रवेश कर आमातालाब रोड क्षेत्र में घूमता मिला।पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस की टीम 13 जुलाई 2026 को क्षेत्र में गश्त और अपराधियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर आरोपी सागर ढीमर उर्फ विक्की गिडडी (23 वर्ष) आमातालाब रोड पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी से जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी जिला बदर आदेश से छूट अथवा जिले में प्रवेश की वैध अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी ने स्वयं भी स्वीकार किया कि उसके पास जिले में प्रवेश की कोई वैध अनुमति नहीं थी।पुलिस ने जिला बदर आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 161/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 तथा छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 15 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में हत्या, लूट, मारपीट, धमकी तथा आम्र्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। इन्हीं आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी द्वारा उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की गई थी।धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले तथा कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त और प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

