०बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, आवास और प्राथमिक चिकित्सा की होगी व्यवस्था
रामानुजगंज,13 जुलाई (आरएनएस)। श्रावण मास में झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैजनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाने वाले हजारों कांवरियों की सेवा के लिए रामानुजगंज एक बार फिर तैयार है। बाबा बैजनाथ धाम कांवरिया सेवा समिति द्वारा नगरवासियों के सहयोग से इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए 27 जुलाई से लगभग 35 दिनों तक नि शुल्क भोजन, आवास और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की जाएगी।इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष एवं समिति के प्रमुख रमन अग्रवाल की अध्यक्षता में पंडित दीनदयाल मांगलिक भवन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भाग लेकर सेवा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 27 जुलाई की शाम से वार्ड क्रमांक-13 स्थित पंडित दीनदयाल मांगलिक भवन में 24 घंटे कांवर यात्रियों के लिए नि:शुल्क भोजन, विश्राम, आवास और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सेवा व्यवस्था की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक शनिवार शाम 5 बजे बैठक आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना पूरे नगर के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि जिस समर्पण और श्रद्धा के साथ पिछले वर्षों में नगरवासियों ने सेवा कार्य किया, उसी भावना से इस वर्ष भी सभी शिवभक्त तन, मन और धन से इस महाअभियान में योगदान देंगे।उन्होंने कहा कि अल्प सूचना पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों की उपस्थिति रामानुजगंज की सेवा भावना और धार्मिक आस्था का प्रमाण है। उन्हें विश्वास है कि इस सेवा अभियान से नगर की पहचान और प्रतिष्ठा में और वृद्धि होगी।बैठक में सेवा कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। इस दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष आर.के. पटेल, पूर्व जिला संघचालक सुभाष जायसवाल, एस.पी. निगम, टी.आर. शर्मा, कन्हैयालाल अग्रवाल, गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और शिवभक्त उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूर्व वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी बाबा बैजनाथ धाम जाने वाले प्रत्येक कांवरिया की पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना से सेवा करने का संकल्प लिया। समिति ने नगरवासियों से भी इस पुण्य कार्य में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

