देवरिया,13 जुलाई (आरएनएस )। देवरिया जिले में बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही कुल 69 पेटी अवैध शराब को थाना बनकटा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में बरामद किया है। पुलिस ने एक स्कॉर्पियो और एक टाटा ट्रक को कब्जे में लेते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मामले में वाहन चालक फरार हो गया। बरामद शराब की कुल मात्रा 633 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.80 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी के पर्यवेक्षण में थाना बनकटा पुलिस सोमवार को संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रामपुर बुजुर्ग चौहान टोला के समीप एक स्कॉर्पियो वाहन से बिहार ले जाई जा रही 37 पेटी ग्लोबल स्पिरिट्स देशी शराब बरामद की गई। कुल 333 लीटर शराब की कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में वाहन स्वामी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।
इसी क्रम में रामपुर बुजुर्ग क्षेत्र में ही एक टाटा ट्रक की तलाशी लेने पर 32 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब तथा छह अतिरिक्त बोतलें बरामद की गईं। इसमें रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की, रॉयल स्टैग बैरल सेलेक्ट व्हिस्की तथा ब्लेंडर्स प्राइड प्रीमियम व्हिस्की शामिल हैं। कुल 390 बोतलों में 300 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.90 लाख रुपये है।
पुलिस ने ट्रक चालक सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त ट्रक की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

