०ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल सत्यापन से समय व धन की बचत, नागरिकों का बढ़ा भरोसा
धमतरी,13 जुलाई (आरएनएस)। शासन की डिजिटल पहल सेवा सेतु – जनता के द्वार, डिजिटल सरकार नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और सुगम शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रही है। अब विभिन्न प्रमाण पत्रों और सरकारी सेवाओं के लिए लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन, डिजिटल दस्तावेज सत्यापन और समयबद्ध सेवा वितरण से नागरिकों का समय और खर्च दोनों बच रहे हैं।धमतरी जिले के कुरूद तहसील निवासी सागर इस डिजिटल पहल का लाभ उठाने वाले नागरिकों में शामिल हैं। उन्हें एक शासकीय कार्य के लिए निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कई बार कार्यालय जाना पड़ता था और दस्तावेजों के सत्यापन तथा प्रमाण पत्र प्राप्त करने में काफी समय लग जाता था।सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्वयं ऑनलाइन आवेदन किया। पोर्टल पर आवश्यक जानकारी भरने के साथ जरूरी दस्तावेज अपलोड किए। विभाग ने दस्तावेजों का डिजिटल सत्यापन कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनका आवेदन स्वीकृत किया और डिजिटल हस्ताक्षरयुक्त निवास प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी कर दिया। इसके बाद उन्होंने प्रमाण पत्र डाउनलोड कर प्रिंट निकाला और अपने आवश्यक शासकीय कार्य में उसका उपयोग किया।सागर ने बताया कि सेवा सेतु के माध्यम से पूरी प्रक्रिया बेहद सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक रही। उन्हें कार्यालय के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़े, जिससे समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत हुई। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी उपयोगी है।उन्होंने कहा, सेवा सेतु के माध्यम से निवास प्रमाण पत्र बनवाना अब बहुत आसान हो गया है। घर बैठे आवेदन करने से समय और पैसे दोनों की बचत हुई। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही और प्रमाण पत्र भी समय पर मिल गया।प्रशासन के अनुसार, सेवा सेतु पोर्टल सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल सेवा वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इससे नागरिकों को समयबद्ध और विश्वसनीय सेवाएं मिल रही हैं, कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ कम हो रही है तथा प्रशासनिक प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन रही हैं। यह पहल डिजिटल भारत के लक्ष्य को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

