०सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान, अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
धमतरी,13 जुलाई (आरएनएस)। जिले में 14 वर्ष की बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 13 से 18 जुलाई 2026 तक विशेष एचपीवी (॥क्कङ्क) टीकाकरण सप्ताह शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क HPV वैक्सीन लगाई जाएगी। अभियान के लिए स्कूलों से लेकर स्वास्थ्य संस्थानों तक व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस HPV संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर लगाया गया HPV टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित उपाय है। उन्होंने कहा कि यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में मदद करता है, इसलिए सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण आवश्यक है।
इन स्थानों पर मिलेगी नि:शुल्क टीकाकरण सुविधा
स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से जिलेभर में टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। बालिकाओं को नि:शुल्क टीका निम्न स्थानों पर लगाया जाएगा—
जिला अस्पताल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी)
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी)
स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (एचडब्ल्यूसी)
चिन्हित विद्यालय
निर्धारित विशेष टीकाकरण सत्र स्थल
अभिभावकों से आगे आने की अपील
धमतरी कलेक्टर ने सभी अभिभावकों से अपनी 14 वर्ष की बेटियों का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बेटियों का स्वस्थ भविष्य समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर विश्वास न करें तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह का पालन करें।कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्यंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक टीके से वंचित नहीं रहनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से निर्धारित तिथियों के दौरान अपनी बेटियों को नजदीकी टीकाकरण केंद्र या विद्यालय में ले जाकर टीका लगवाने की अपील की है, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

