6 अब भी लापता, सर्च ऑपरेशन जारी
कोलकाता, 13 जुलाई (आरएनएस )। पश्चिम बंगाल स्थित दक्षिण 24 परगना प्रशासनिक जिले के सुंदरबन तटीय इलाके में 9 मछुआरों की मौत पर शोक की लहर फैल गई है। पुलिस व अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि, पिछले कुछ समय से समुद्र में लापता एक मछली पकडऩे वाला ट्रॉलर ‘एफबी मां कालीÓ आखिरकार चुलकाठी जंगल के पास रक्ताचार इलाके में बंगोप सागर से बरामद कर लिया गया है, लेकिन इस बरामदगी के साथ ही एक बड़ा हादसा भी सामने आया है। डूबे हुए ट्रॉलर के भीतर से लापता 9 मछुआरों के शव बरामद किए गए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद से तटीय गांवों और मछुआरा परिवारों में कोहराम मच गया है। प्रशासनिक और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, लापता ट्रॉलर की तलाश में जुटी बचाव टीमों को सुंदरबन तट के पास समुद्र में यह नाव डूबी हुई हालत में मिली।
खबर है कि यह ट्रॉलर इस महीने की शुरुआत में पूर्व मेदिनीपुर के शंकरपुर मछली पकडऩे वाले बंदरगाह से 15 मछुआरों के साथ समुद्र में गया था। खराब मौसम के कारण ट्रॉलर से संपर्क टूट गया और बाद में वह लापता हो गया।
घटना की जानकारी राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई शुरु की गई है। रविवार रात सुंदरबन मामलों के राज्यमंत्री दीपंकर जाना घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पाथरप्रतिमा के गोवर्धनपुर कोस्टल थाना क्षेत्र के सीतारामपुर घाट पर चल रहे राहत एवं बचाव अभियान की पूरी रात निगरानी की। इस दौरान काकद्वीप महकमा प्रशासन, सुंदरबन पुलिस, गोवर्धनपुर कोस्टल थाना, वन विभाग तथा मछुआरा संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार ट्रॉलर के लापता होने के बाद पुलिस, तटरक्षक बल, नौसेना, वन विभाग और मछुआरा संगठनों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। बहरहाल संयुक्त अभियान के बाद ट्रॉलर को सीतारामपुर घाट लाया गया, जहां तलाशी के दौरान एक-एक कर नौ मछुआरों के शव बरामद हुए। फिलहाल छह लापता मछुआरों की तलाश जारी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

