जलपाईगुड़ी,13 जुलाई (आरएनएस )। जिले के मयनागुड़ी कस्बे में सोमवार तड़के एक प्लास्टिक स्क्रैप गोदाम में भयावह आग लग गई। आग तड़के साढ़े तीन बजे वार्ड नंबर चार के दाड़ीभिजा इलाके में स्थित गोदाम में लगी। स्थानीय लोगों ने गोदाम से ऊंची लपटें और काला धुआं उठता देखा, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मयनागुड़ी फायर स्टेशन की दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए धूपगुड़ी फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल तीन दमकल वाहनों ने तीन घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग ने पास के एक रिहायशी मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। गोदाम के मालिक बाबाई चाकी के अनुसार, आग में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक स्क्रैप और कई महंगी मशीनें जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से आग लगी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

