नई दिल्ली ,13 जुलाई (आरएनएस)। अयोध्या में बन रहे भगवान श्री राम मंदिर के चंदा संग्रह को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी-आरएसएस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसे “चंदा चोरी और आस्था से धोखा” करार देते हुए प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। जयराम रमेश ने कहा कि “अयोध्या के भगवान श्री राम मंदिर में भाजपा-आरएसएस द्वारा सुनियोजित तरीके से की गई चंदा चोरी और जनता के विश्वास के साथ हुए धोखे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रहस्यमयी चुप्पी आखिर क्या दर्शाती है? वे चंदा चोरों की मदद पर क्यों उतारू हैं? उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा करने वाले प्रधानमंत्री इस गंभीर मुद्दे पर पिछले एक महीने से मौन क्यों हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि जनता इस विश्वासघात के लिए प्रधानमंत्री से सीधा जवाब मांग रही है। जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री से अपील की, “प्रधानमंत्री, मौन तोड़िए, जवाब दीजिए। कांग्रेस की मांग है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और “असली गुनहगारों” को जेल की सलाखों के पीछे डाला जाए। कांग्रेस का आरोप है कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर से श्रद्धालुओं से एकत्र किए गए चंदे में गड़बड़ी हुई है। पार्टी का कहना है कि यह सिर्फ आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा विषय है। इसलिए इस पर प्रधानमंत्री को सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना चाहिए। भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि राम मंदिर निर्माण पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहा है और कांग्रेस जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को भड़काकर राजनीति कर रही है। हालांकि कांग्रेस ने साफ किया है कि उनका विरोध मंदिर निर्माण से नहीं, बल्कि कथित वित्तीय अनियमितताओं और जवाबदेही तय करने से है। पार्टी नेताओं ने कहा कि जब तक प्रधानमंत्री इस पर अपना रुख स्पष्ट नहीं करते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेंगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

