लखनऊ 13 जुलाई (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आगरा के तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आय के स्रोत और घर से बरामद भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी तथा अन्य संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक जवाब और दस्तावेज न देने तथा विवेचना में सहयोग नहीं करने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मुकदमा पहले से दर्ज है और मामले की विवेचना लखनऊ सेक्टर द्वारा की जा रही है। न्यायालय से सर्च वारंट मिलने के बाद 7 और 8 जुलाई को अलीगंज स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई थी।
तलाशी के दौरान घर से करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी, सोने-चांदी के बिस्किट और आभूषण बरामद किए गए। सरकार से मान्यता प्राप्त मूल्यांकन के अनुसार बरामद सोना-चांदी की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जांच में लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली में स्थित 15 चल एवं अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। इनके अलावा दो कारें, एक रिवॉल्वर, तथा बैंक खातों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी की कुल संपत्ति का मूल्य करीब 35 करोड़ रुपये आंका गया है।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि सोमवार को पूछताछ के दौरान ललित कुमार से बरामद संपत्तियों के आय स्रोत संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसी आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
विभाग का कहना है कि बरामद नकदी, सोना-चांदी, चल-अचल संपत्तियों और निवेश संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन जारी है तथा विवेचना के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

