हमलावरों ने गैंगस्टर की पिस्टल छीनकर दनादन दागी गोलियां
कोलकाता,13 जुलाई (आरएनएस )। हमेशा व्यस्त रहने वाला उत्तर दमदम का बेलघरिया एक्सप्रेसवे इलाका आज तड़के उस समय दहल उठा, जब बेलघरिया एक्सप्रेसवे के पास सरेआम एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। इलाके के कुख्यात गैंगस्टर राजा दत्त को बदमाशों ने यहां घेरकर मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी खेल की सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि हमलावरों ने राजा दत्त की ही पिस्टल उससे छीनी और उसी के हथियार से उसे गोलियों से भून डाला। एक्सप्रेसवे पर हुए इस सरेआम मर्डर से पूरे इलाके में भारी दहशत और तनाव का माहौल है।
इस खूनी संघर्ष में राजा के दो साथी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद खरदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों और के अनुसार, एक्सप्रेसवे के पास का नजारा किसी खौफनाक एक्शन फिल्म जैसा था।
बताया जा रहा है कि, राजा दत्त अपने दो साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर खलिसाकोटा पहुंचा था।
तभी राजा दत्त को अकेले या कम सुरक्षा में पाकर घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया।
इससे पहले कि राजा दत्त संभल पाता या अपनी सुरक्षा में हथियार निकाल पाता, हमलावरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसी की लोडेड पिस्टल छीन ली। अपनी ही पिस्टल के सामने बेबस हुए राजा दत्त पर हमलावरों ने एक के बाद एक कई राउंड गोलियां दाग दीं। राजा दत्त खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बीच सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के प्राथमिक अनुमान के अनुसार, यह मामला इलाके में पैर पसार रहे दो गुटों के बीच आपसी वर्चस्व या ‘गैंगवारÓ से जुड़ा हो सकता है। एक्सप्रेसवे के पास लोग इस फिल्मी दृश्य को अपनी आंखों के सामने घटता देख बुरी तरह सहमे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमलावर वारदात को अंजाम देकर किस तरफ भागे, इसका पता लगाने के लिए एक्सप्रेसवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी निकास द्वारों और रास्तों पर कड़ी नाकेबंदी कर दी है। स्थानीय खुफिया तंत्र को भी अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी संभावित हिंसक प्रतिक्रिया या जवाबी गैंगवार को रोका जा सके। बहरहाल जो भी हो लेकिन बता दे कि, कोलकाता को जोडऩे वाले बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण बेलघरिया एक्सप्रेसवे पर इस तरह की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी इस एक्सप्रेसवे पर सरेराह गोलीबारी और लूटपाट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

